Kasganj news कासगंज विमान हादसा 33 केवी हाईटेंशन लाइन से टकराया ; ट्रेनी पायलट मौत के मुहाने से लौटी

कासगंज विमान हादसा 33 केवी हाईटेंशन लाइन से टकराया ; ट्रेनी पायलट मौत के मुहाने से लौटी कासगंज में सोमवार शाम एक पल की चूक बड़ी हवाई त्रासदी में बदल सकती थी। अलीगढ़ से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला चेतक एविएशन का ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट तकनीकी खराबी के चलते पुलिस लाइन के पीछे निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे क्रैश हो गया था। हादसे से ठीक पहले विमान 33 केवी हाईटेंशन लाइन से टकराया, लेकिन गनीमत रही कि उस समय लाइन में करंट नहीं था। हादसे में विमान उड़ा रही 27 वर्षीय ट्रेनी महिला पायलट कायनात खान, निवासी मुंबई, गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। चेतक एविएशन का सेसना कंपनी का दो-सीटर प्रशिक्षण विमान (पंजीकरण संख्या VT-AFB) सोमवार दोपहर 3:30 बजे अलीगढ़ के धनीपुर एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था। शाम करीब चार बजे कासगंज के ऊपर पहुंचते ही विमान में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने विमान को संभालने की भरसक कोशिश की और एक-दो चक्कर भी लगाए, लेकिन करीब 50 फीट की ऊंचाई पर विमान का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते विमान हाईटेंशन बिजली के तारों से टकराया और हाईवे किनारे जमीन पर आ गिरा।विमान के तारों से टकराते ही लोगों की सांसें थम गईं। सभी को लगा कि अब विमान में आग लग जाएगी, लेकिन लाइन में करंट न होने के कारण बड़ा विस्फोट और अग्निकांड टल गया। इससे न केवल पायलट की जान बची, बल्कि आसपास मौजूद लोगों पर भी खतरा नहीं आया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। क्षेत्र को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायल पायलट को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था। फिलहाल शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह डीजीसीए की जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी अलीगढ़ एयरपोर्ट के निदेशक सत्यव्रत सारस्वत के अनुसार विमान दुर्घटना की सूचना मिलते ही चेतक एविएशन और एयरपोर्ट की टीमें मौके पर भेज दी गई थी। साथ ही महानिदेशक नागरिक उड्डयन (डीजीसीए) को भी सूचित कर दिया गया है। डीजीसीए की विशेष टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी खराबी और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)