ई-रिक्शा लूटने वाले गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार, चोरी के वाहन और अवैध असलहा बरामद
ई-रिक्शा लूटने वाले गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार, चोरी के वाहन और अवैध असलहा बरामद
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी जिले में घिरोर क्षेत्र से ई-रिक्शा लूटने और चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दन्नाहार निवासी अनूप उर्फ ऋषि पुत्र सुनील कुमार और कुर्रा निवासी नव्यांशु उर्फ बिट्टू पुत्र गजाधर सिंह के रूप में हुई है, जबकि इनका एक अन्य साथी देवा उर्फ जनवेद यादव पुत्र अमर सिंह निवासी बेवर फिलहाल फरार है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कोपरावली तिराहे के पास से पकड़ा गया। पूछताछ और जांच में सामने आया कि यह गिरोह बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से ई-रिक्शा किराये पर बुक करता था। इसके बाद रास्ते में किसी सुनसान जगह पर चालक को झांसा देकर ई-रिक्शा रुकवाते थे और तमंचा दिखाकर या मारपीट कर उसका मोबाइल, पैसे और ई-रिक्शा लूटकर भाग जाते थे। बाद में ये लोग सुनसान स्थानों पर ई-रिक्शा के पार्ट्स अलग-अलग करके उन्हें बेच देते थे।
पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो लूटे गए मोबाइल फोन, ई-रिक्शा की दो बॉडी, बैटरी, टायर, पार्ट्स खोलने के उपकरण और लूटी गई संपत्ति को बेचने से मिले 5000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पिछले डेढ़ महीने के भीतर मैनपुरी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट और चोरी की चार वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)