शमशाबाद में तंबाकू कारोबारी के ठिकानों पर DGGI का बड़ा शिकंजा, 22 गाड़ियों के काफिले के साथ छापेमारी; दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले

Jun 24, 2026 - 21:50
0 0
शमशाबाद में तंबाकू कारोबारी के ठिकानों पर DGGI का बड़ा शिकंजा, 22 गाड़ियों के काफिले के साथ छापेमारी; दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले

block-350 block-350

शमशाबाद में तंबाकू कारोबारी के ठिकानों पर DGGI का बड़ा शिकंजा, 22 गाड़ियों के काफिले के साथ छापेमारी; दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले

शमशाबाद/फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद कस्बे में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ से आई डीजीजीआई (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस) और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने प्रसिद्ध "शंख छाप" तंबाकू कारोबारी कृष्ण गोपाल रस्तोगी तथा उनके मुनीम अखिलेश मिश्रा से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी। सुबह करीब छह बजे 22 सरकारी वाहनों का काफिला कस्बे में दाखिल हुआ तो पूरे व्यापारिक क्षेत्र में हलचल मच गई। अधिकारियों की टीम ने मोहल्ला प्रधानियां स्थित कारोबारी के आवास, तंबाकू गोदाम सहित फैजाबाग, खानपुर और मोहल्ला बाग में संचालित प्रतिष्ठानों को एक साथ जांच के दायरे में लिया। कार्रवाई के दौरान किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई और अधिकारियों ने घंटों तक रिकॉर्ड खंगालने का काम किया।

★ दस्तावेज, कंप्यूटर और स्टॉक की हुई गहन जांच - जांच टीम ने कारोबारी प्रतिष्ठानों से जुड़े खाते, लेन-देन के रजिस्टर, बिल बुक, कंप्यूटर रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। इसके साथ ही गोदामों में रखे तंबाकू उत्पादों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर दस्तावेजों में दर्ज आंकड़ों से मिलान किया गया। सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं, जिनका विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।

★ व्यापारी वर्ग में मचा हड़कंप - छापेमारी की खबर फैलते ही कस्बे के व्यापारिक समुदाय में बेचैनी बढ़ गई। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर आधे गिरा दिए, जबकि अन्य कारोबारी अपने कर एवं लेखा संबंधी दस्तावेज व्यवस्थित करने में जुट गए। पूरे दिन बाजार में इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही। ★ सुबह से जुटी रही लोगों की भीड़- कार्रवाई की सूचना मिलते ही कारोबारी के आवास और गोदाम के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कस्बे में "यूपी-32 की गाड़ियां आ गईं, अब बड़े खुलासे होंगे" जैसी चर्चाएं सुनाई देती रहीं। आम दिनों में चहल-पहल से भरी रहने वाली कई गलियों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।

★ प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत- हालांकि विभागीय अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में वित्तीय लेन-देन और कर संबंधी कुछ अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। इन्हीं बिंदुओं को लेकर टीम दस्तावेजों का मिलान कर रही है। देर शाम तक जांच और दस्तावेजों की पड़ताल जारी रही।

★ व्यापारियों में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई- शमशाबाद में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने व्यापारिक जगत में हलचल पैदा कर दी है। व्यापारी वर्ग के बीच यह चर्चा तेज है कि कर विभाग की जांच आगे किन कारोबारियों तक पहुंच सकती है। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हुई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User