पुलिस मुठभेड़ में दो वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद
पुलिस मुठभेड़ में दो वाहन चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद
प्रवीन पाठक
फिरोजाबाद । थाना टूण्डला पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें, दो अवैध तमंचे तथा कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना टूण्डला पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में कुछ बदमाश राजा का ताल क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने पुराना बाईपास रोड स्थित गेल गैस के पीछे चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी विकास पुत्र मुरलीधर निवासी हुमायूंपुर, थाना दक्षिण, फिरोजाबाद के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी योगेश पुत्र नरेश चंद्र निवासी हुमायूंपुर, थाना दक्षिण, फिरोजाबाद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। इनमें दो बाइक थाना टूण्डला क्षेत्र, एक बाइक थाना मतसेना क्षेत्र तथा दो बाइक आगरा जनपद के थाना एत्मादपुर एवं एत्मादौला क्षेत्र से चोरी की गई थीं। इसके अलावा दो अवैध तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट एवं अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा, हर्षित कुमार, प्रशान्त कुमार, अभय कुमार सहित थाना टूण्डला पुलिस टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)