पारिवारिक कलह में खूनी संघर्ष: देवर ने भाभी पर गड़ासे से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

Jun 02, 2026 - 08:12
0 0
पारिवारिक कलह में खूनी संघर्ष: देवर ने भाभी पर गड़ासे से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

पारिवारिक कलह में खूनी संघर्ष: देवर ने भाभी पर गड़ासे से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर कायमगंज/ फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर में सोमवार को पारिवारिक विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया जब एक युवक ने अपनी ही भाभी पर गड़ासे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रेमनगर निवासी गेंदालाल दिल्ली में निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी 22 वर्षीय कल्पना घर पर रहकर सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती हैं और अपने बच्चों रितेश व रितु का पालन-पोषण करती हैं। सोमवार को कल्पना घर में सिलाई मशीन पर काम कर रही थीं। इसी दौरान घर में मौजूद उनके देवर ने मशीन की आवाज से परेशान होकर सिलाई बंद करने को कहा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। बताया गया है कि विवाद के बाद कल्पना ने अपने पति गेंदालाल को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इस पर गेंदालाल ने फोन पर ही अपने छोटे भाई को फटकार लगाई। परिजनों के अनुसार इसी बात से नाराज होकर आरोपी घर से बाहर चला गया और कुछ समय बाद शराब के नशे में वापस लौटा। घर पहुंचते ही उसने फिर से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसका गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने घर में रखा गड़ासा उठा लिया और कल्पना पर हमला बोल दिया। आरोपी ने महिला के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला लहूलुहान हो चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद भी आरोपी काफी देर तक हाथ में गड़ासा लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया। बाद में स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल महिला के परिजनों से जानकारी जुटाई। वहीं क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। गांव में चर्चा का विषय बनी इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत किस प्रकार गंभीर अपराधों का कारण बन रही है। एक साधारण कहासुनी ने देखते ही देखते ऐसा हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User