लोहिया अस्पताल में CMO का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब मिली स्टाफ नर्स; क्वालिटी मैनेजर का वेतन रोका

May 17, 2026 - 07:48
0 1
लोहिया अस्पताल में CMO का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब मिली स्टाफ नर्स; क्वालिटी मैनेजर का वेतन रोका

block-350 block-350

लोहिया अस्पताल में CMO का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से गायब मिली स्टाफ नर्स; क्वालिटी मैनेजर का वेतन रोका

फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में देर रात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। ड्यूटी से स्टाफ नर्स के गायब मिलने से लेकर बर्न वार्ड में बदहाल व्यवस्थाएं देखकर सीएमओ ने कड़ा रुख अपनाया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार अचानक अस्पताल पहुंचे और सबसे पहले विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टाफ नर्स मंजू अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिलीं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सीएमओ ने तत्काल रजिस्टर में उनकी अनुपस्थिति दर्ज कराई। हालांकि बाद में जानकारी दी गई कि स्टाफ नर्स कुछ देर बाद ड्यूटी पर पहुंच गई थीं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अन्य स्टाफ नर्स देवी से भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली। इसके बाद सीएमओ ने एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) वार्ड का निरीक्षण किया और वहां भर्ती बच्चों के परिजनों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। उन्होंने हाल ही में लगाए गए आरओ प्लांट की कार्यप्रणाली देखी और बच्चों को दिए जा रहे दूध, फल व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वार्ड में मौजूद बच्चों की माताओं ने बताया कि उन्हें अस्पताल की ओर से सभी जरूरी सुविधाएं समय पर मिल रही हैं और किसी तरह की परेशानी नहीं है। निरीक्षण के दौरान जब सीएमओ बर्न वार्ड पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर नाराज हो गए। वार्ड में लगा एसी सही तरीके से काम नहीं कर रहा था, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही थी। इसके अलावा वार्ड तक जाने वाले रास्ते और कमरों की कई टाइल्स उखड़ी मिलीं। साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। अव्यवस्थाओं पर नाराज सीएमओ ने मौके से ही क्वालिटी मैनेजर को फोन कर जमकर फटकार लगाई और तत्काल सभी कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

लापरवाही को गंभीर मानते हुए उन्होंने क्वालिटी मैनेजर का वेतन रोकने के आदेश भी जारी कर दिए। सीएमओ की इस अचानक कार्रवाई से अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। साथ ही यह स्पष्ट संदेश भी दिया गया कि मरीजों की सुविधाओं और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User