किरन पब्लिक स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस पूर्व समारोह का आयोजन

May 16, 2026 - 18:24
 0  0
किरन पब्लिक स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस पूर्व समारोह का आयोजन
follow on google सुराग ब्यूरो को गूगल पर फेवरेट बनाएँ

किरन पब्लिक स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस पूर्व समारोह का आयोजन

 कायमगंज/फर्रुखाबाद। किरन पब्लिक स्कूल, पट्टिया लेन, कम्पिल रोड, कायमगंज में 15 एवं 16 मई को विश्व पर्यावरण दिवस पूर्व समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरियाली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार एवं मैनेजेर कल्पना सिंह एवं निदेशक डॉ. उदित पटेल द्वारा पौधरोपण के साथ की गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या राधिका नायर ने नीम का पौधा लगाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी बच्चों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के बच्चों ने गेंदे ,गुलाब , नीम , आम , नींबू , आंवला आदि पौधरोपण करके पर्यावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। 15 मई को आयोजित कार्यक्रमों में चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता, कला प्रतियोगिता एवं कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं प्रदूषण रोकने जैसे विषयों पर सुंदर चार्ट, आकर्षक चित्र एवं प्रेरणादायक कविताएँ प्रस्तुत कीं। बच्चों की रचनात्मकता एवं जागरूकता की सभी शिक्षकों ने सराहना की।16 मई को नर्सरी, एल.के.जी. एवं यू.के.जी. के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा पर्यावरण संबंधित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता प्रस्तुत की गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त हिन्दी एवं अंग्रेज़ी निबंध प्रतियोगिता, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, रोल प्ले तथा कक्षा सजावट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। रोल प्ले एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने जल बचाने, वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। कक्षा सजावट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण से संबंधित स्लोगन, पोस्टर एवं सजावटी सामग्री का उपयोग कर कक्षाओं को आकर्षक रूप प्रदान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संयोजन शिक्षक अजमत अली, शैक्षिक गतिविधि प्रभारी विक्रांत सिंह, कला एवं सृजनात्मक प्रभारी शिवानी राठौर एवं आरजू गंगवार, मीडिया प्रभारी हीरा अंसारी एवं क्रिएटिव निर्देशक आकांक्षा सैनी द्वारा किया गया। मंच संचालन अंजिता.जे और श्रद्धा ने एंकरिंग की। शिक्षिका प्रगति एवं शिक्षक शाहरुख अली खान ने संयुक्त रूप से मदद किया। इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर जयन राजन, शिक्षिका पूनम, पूजा, मंजू, आशिका, अल्पना तथा शिक्षक नीरज अग्निहोत्री, निखिल शाक्य, अतुल प्रताप सिंह, हरिद्वार द्विवेदी, रवि कुमार एवं उमाकांत वर्मा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए संदेश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण हेतु अपना योगदान देना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। अंत में विद्यालय में 18,19, और 20 मई को होने वाले समर कैंप के आयोजन के लिए भी प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को जानकारी दी जिससे विद्यार्थियों में उत्साह की लहर दौड़ गयी।