महंगाई विरोध: व्यापार मंडल अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल हाउस अरेस्ट
महंगाई विरोध: व्यापार मंडल अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल हाउस अरेस्ट
मेरठ/फर्रुखाबाद। कामर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी फैल गई है। संगठन ने गुरुवार को महंगाई के खिलाफ पुतला दहन करने और राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम रखा था। आरोप है कि इसे रोकने के लिए प्रशासन देर रात करीब 1:30 बजे अग्रवाल के घर पहुंचा और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। लोकेश अग्रवाल ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र की आवाज़ दबाने वाला कदम करार देते हुए कहा, “महंगाई के खिलाफ आवाज़ उठाना हमारा अधिकार है, जिसे कोई सरकार कुचल नहीं सकती।”
उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ती गैस सिलेंडर की कीमतों ने छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और रेस्टोरेंट व्यवसायियों की स्थिति और कठिन कर दी है। व्यापार मंडल ने प्रशासन की कार्रवाई को **दमनात्मक** बताते हुए चेतावनी दी है कि यदि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और विरोध दबाने की कोशिश जारी रही, तो प्रदेशभर में बड़े आंदोलन की योजना है।