सीएम डैशबोर्ड विकास एवं निर्माण कार्य तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न—मंडलायुक्त ने दिए अहम निर्देश

Apr 28, 2026 - 20:43
 0  1
सीएम डैशबोर्ड विकास एवं निर्माण कार्य तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न—मंडलायुक्त ने दिए अहम निर्देश
follow on google सुराग ब्यूरो को गूगल पर फेवरेट बनाएँ

सीएम डैशबोर्ड विकास एवं निर्माण कार्य तथा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न—मंडलायुक्त ने दिए अहम निर्देश

एटा । आज अपरान्ह कलेक्ट्रेट सभागार, जनपद एटा में मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ संगीता सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड, विकास एवं निर्माण कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी योजना के कार्यों का सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को नवाचार के माध्यम से किसानों को फूलों की बागवानी के प्रति प्रेरित करने तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप फूलों की खेती की कार्ययोजना तैयार कर अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं को नर्सरी एवं बागवानी कार्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी अधिकारी को प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अधिकाधिक सोलर रूफटॉप स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को विकास कार्यों में लाइन शिफ्टिंग आदि से संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कर परियोजनाओं को समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की समीक्षा में एसआईआर सूची के साथ मिलान कर फार्मर रजिस्ट्री के डेटा का विकासखंडवार सत्यापन कराने तथा छूटे हुए किसानों को योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों के बच्चों का नामांकन “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत सुनिश्चित कराने एवं मिशन कायाकल्प की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली में सुधार, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा सर्पदंश एवं डॉग बाइट के इंजेक्शन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु मूक-बधिर बच्चों की जांच प्राथमिकता पर कराते हुए मेडिकल कॉलेज से समन्वय स्थापित किया जाए। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निराश्रित गोवंश के लिए चारा-भूसा की समुचित व्यवस्था एवं मुख्यमंत्री गौ सहभागिता योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़े जाने के निर्देश दिए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी को कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों के सुधार हेतु संचालित कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन द्वारा कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई। मंडलायुक्त ने सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें तथा एनओसी से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित समाधान कर विकास कार्यों को गति प्रदान करें। बैठक के अंत में जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट करते हुए मंडलायुक्त महोदया को आश्वस्त किया गया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कर विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इला मारन जी प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा,संयुक्त विकास आयुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ मंशाराम यादव,मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा,अपर जिलाधिकारी वि0रा0 लालता प्रसाद शाक्य,अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद,डीसी मनरेगा प्रभुदयाल,डीसी एनआरएलएम प्रतिमा निमेष, उप निदेशक कृषि सुमित कुमार जिला उद्यान अधिकारी सुघर सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 इंद्रजीत प्रजापति,बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 मनवीर सिंह,जिला सेवायोजन अधिकारी विपिन यादव, जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।