बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर स्टेयरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने दी व्यवस्थाओं की समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देश

Apr 27, 2026 - 20:44
 0  5
बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर स्टेयरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने दी व्यवस्थाओं की समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देश
follow on google सुराग ब्यूरो को गूगल पर फेवरेट बनाएँ

बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर स्टेयरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने दी व्यवस्थाओं की समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देश

एटा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एटा द्वारा बाढ़ पूर्व तैयारियों के संदर्भ में स्टेयरिंग कमेटी की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री अरविन्द सिंह ने की, जिसमें बाढ़ और जल प्लावन से उत्पन्न संभावित समस्याओं को लेकर सभी विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बाढ़ पूर्व तैयारियों को सुदृढ़ करें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करते हुए उनकी अद्यतन सूची तैयार रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही सिंचाई विभाग को नहरों, बम्बों, रजवाहों और अन्य जल स्रोतों की सिल्ट सफाई और मरम्मत कार्य समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने तटबंधों, बांधों और नहरों का नियमित निरीक्षण करने और उनकी सुदृढ़ता सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने की हिदायत दी। जल स्तर की निगरानी और सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम स्तर पर जल निकासी और सिंचाई व्यवस्था की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को जलजनित रोगों से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा टीमों और एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने की दिशा में कदम उठाने को कहा गया। इसके साथ ही पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो राहत और बचाव कार्यों के लिए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों का परीक्षण किया जाए। विद्युत विभाग को आपात स्थिति में निर्बाध और वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सूचना प्रणाली को सक्रिय रखा जाए और जनसामान्य को जागरूक करने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए।

बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, समस्त उपजिलाधिकारी गण, समस्त तहसीलदार, सिंचाई, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पंचायत राज और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।