फर्रुखाबाद में महिला सम्मेलन बना सियासी रणभूमि, विपक्ष पर तीखा हमला—पुतला दहन कर जताया आक्रोश

Apr 27, 2026 - 20:41
0 5
फर्रुखाबाद में महिला सम्मेलन बना सियासी रणभूमि, विपक्ष पर तीखा हमला—पुतला दहन कर जताया आक्रोश

फर्रुखाबाद में महिला सम्मेलन बना सियासी रणभूमि, विपक्ष पर तीखा हमला—पुतला दहन कर जताया आक्रोश

फर्रुखाबाद/शहर के आवास विकास स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन रविवार को राजनीतिक गर्मी के बीच चर्चा का केंद्र बन गया। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और केंद्र सरकार की महिला नीतियों का खुलकर समर्थन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमलावती सिंह ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को राजनीति में मजबूत भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम था, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर महिलाओं के अधिकारों के साथ “विश्वासघात” किया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी। सम्मेलन के दौरान सपा सांसद डिंपल यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भी तीखे राजनीतिक प्रहार किए गए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष का रुख महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के खिलाफ है। कार्यक्रम में डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, बबीता पाठक, रश्मि दुबे और अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखते हुए भाजपा की नीतियों का समर्थन किया और विपक्ष की आलोचना की।

सम्मेलन के बाद माहौल और गरमा गया जब महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने प्रदर्शन को और प्रभावी बना दिया। पूरे कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और विपक्ष के खिलाफ आक्रोश साफ तौर पर देखने को मिला, जिससे आगामी चुनावी माहौल में सियासी सरगर्मी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User