कायमगंज में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

Apr 13, 2026 - 08:00
0 5
कायमगंज में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

कायमगंज में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न

कायमगंज/फर्रुखाबाद। साहित्यिक संस्था *अनुगूंज* के तत्वावधान में सीपी गेस्ट हाउस, कायमगंज में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सफलता के शिखर छूते हुए संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गीतकार पवन बाथम की वाणी वंदना से हुआ, जिसने पूरे आयोजन को साहित्यिक गरिमा प्रदान की। सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। सोनभद्र से पधारे डॉ. कमलेश राजहंस ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति में जीवन की विषमताओं और देशभक्ति का भाव व्यक्त किया। मध्य प्रदेश से आए हास्य-व्यंग्य के सशक्त कवि डॉ. शंकर सहर्ष ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को हँसी से सराबोर कर दिया।

लखनऊ से आए ओज के कवि प्रमोद द्विवेदी ने वीरता और देशभक्ति से ओतप्रोत काव्य प्रस्तुत कर माहौल में जोश भर दिया। वहीं रायबरेली के गीतकार गोविंद गजब ने बेटी पर मार्मिक गीत सुनाकर उपस्थित जनसमूह की आँखें नम कर दीं। हास्य-व्यंग्य के माध्यम से के.के. अग्निहोत्री ने नेताओं पर तीखा कटाक्ष करते हुए श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कानपुर की शायरा नूरी परवीन ने अपनी गजल से प्रेम और संवेदनाओं का वातावरण निर्मित किया। डॉ. सुनील सिद्धार्थ ने चुटीले व्यंग्य प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी, जबकि वाराणसी से आईं विभा शुक्ला ने मधुर स्वर में गीत-गजल सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पवन बाथम, प्रमोद कुमार सनोद और अंकित शर्मा ने भी प्रभावी काव्य पाठ कर समां बांधा। आयोजन में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अनुराधा दुबे, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. शरद गंगवार, पूर्व विधायक अमर सिंह खटीक, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील कुमार चक एवं अरुण दुबे सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को माला और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया।

कवि सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. कमलेश राजहंस ने की, जबकि सफल संचालन गोविंद गजब द्वारा किया गया। अंत में पूर्व विधायक अमर सिंह खटीक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं ने प्रारंभ से अंत तक कविताओं का भरपूर आनंद लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User