फर्रुखाबाद में भाजपा को बड़ा झटका: सैकड़ों ब्राह्मणों ने छोड़ी पार्टी, 'रानद' में हुए शामिल
फर्रुखाबाद में भाजपा को बड़ा झटका: सैकड़ों ब्राह्मणों ने छोड़ी पार्टी, 'रानद' में हुए शामिल
कायमगंज/फर्रुखाबाद/ आगामी चुनावों से पहले फर्रुखाबाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जिले के कायमगंज क्षेत्र के उखरा गांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब सैकड़ों ब्राह्मणों ने पार्टी से मोहभंग होने के बाद राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) का दामन थाम लिया। जितेंद्र दीक्षित के आवास पर हुई अहम बैठक यह राजनीतिक फेरबदल रानद के जिला अध्यक्ष पंकज अवस्थी के उखरा गांव के दौरे के दौरान हुआ। गांव में जितेंद्र दीक्षित के आवास पर एक विशेष पार्टी विस्तार बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अवस्थी ने उपस्थित लोगों को रानद की विचारधारा और भविष्य की नीतियों से अवगत कराया। इस दौरान भाजपा छोड़ने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल (भाजपा) ने उनके साथ धोखा किया है, जिसके चलते वे अब रानद को अपना पूर्ण समर्थन दे रहे हैं।
जिले में नई नियुक्तियां और विस्तार इस मौके पर संगठन को मजबूत करते हुए पंकज अवस्थी ने उखरा निवासी जितेंद्र दीक्षित को रानद का जिला सचिव नियुक्त किया। साथ ही, कई अन्य समर्थकों को पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत सदस्यता दिलाई गई। गौरतलब है कि इसी सप्ताह कायमगंज में भी बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाजपा छोड़कर रानद की सदस्यता ग्रहण की थी। उस दौरान एडवोकेट गौरव मिश्रा को रानद का जिला महासचिव नियुक्त किया गया था। वरिष्ठ नेता सन्नू अवस्थी ने भी छोड़ी भाजपाभाजपा में मची यह बगावत केवल कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है। जनपद के वरिष्ठ भाजपा नेता सन्नू अवस्थी ने भी यूजीसी (UGC) के मुद्दे को लेकर भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। रानद जिलाध्यक्ष पंकज अवस्थी ने हाल ही में सन्नू अवस्थी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस बीच, वरिष्ठ नेता सुरेश खन्ना के साथ सन्नू अवस्थी की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खासी वायरल हो रही है, जो सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
आगामी चुनावों पर नजर उखरा में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में अभिषेक दीक्षित, संतोष दीक्षित, हर्ष दीक्षित, मानेंद्र सिंह टेलर, सत्यवीर दिवाकर, अंकित दीक्षित, महिमाचंद्र राठौर और अभी दीक्षित समेत कई प्रमुख ग्रामवासी मौजूद रहे। रानद के जिला अध्यक्ष पंकज अवस्थी लगातार क्षेत्र का सघन भ्रमण कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटे हैं। जिले में रानद के इस बढ़ते ग्राफ और लगातार शामिल हो रहे नए सदस्यों को देखते हुए, पार्टी आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।