मिशन शक्ति फेज-5 के तहत एटा में महिला सशक्तिकरण रैली निकाली गई
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत एटा में महिला सशक्तिकरण रैली निकाली गई
एटा। एटा में मिशन शक्ति अभियान फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत शुक्रवार को महिला सशक्तिकरण के लिए जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने पुलिस लाइंस से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइंस से शुरू होकर आगरा रोड, माया पैलेस, बस स्टैंड, ऋषि मार्केट और कचहरी रोड होते हुए पुनः पुलिस लाइंस पर समाप्त हुई। इस दौरान यूपी-112 पीआरवी वाहन भी शामिल रहे, जिन पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े पोस्टर व बैनर लगाए गए थे। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनमें सुरक्षा की भावना विकसित करना और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
रैली के माध्यम से दुष्कर्म, छेड़खानी, अपहरण और चैन स्नैचिंग जैसे अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार 19 मार्च 2026 से शुरू हुआ यह 30 दिवसीय अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म, संवाद और पंपलेट वितरण के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि महिला बीट पुलिस अधिकारी गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद करेंगी और उनकी समस्याओं को सुनेंगी। साथ ही डायल 112, 1090, 181, 1076 और महिला हेल्प डेस्क जैसी सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को जागरूक किया जा सके।