कायमगंज में भटका मासूम सोशल मीडिया की मदद से मां से मिला
कायमगंज में भटका मासूम सोशल मीडिया की मदद से मां से मिला
कायमगंज के स्टेशन रोड स्थित एलवाई डिग्री कॉलेज के पास गुरुवार को करीब दो से ढाई साल का एक मासूम बच्चा भटका हुआ मिला। बच्चा रोता हुआ अकेला खड़ा था, जिसे देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए उसे संभाला। काफी देर तक परिजनों के न मिलने पर लोगों ने बच्चे को सुरक्षित कायमगंज कोतवाली पहुंचा दिया। कोतवाली में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी ली और उसे शांत कराया। वहीं पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए बच्चे की पहचान के लिए उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर दी।
पुलिस की यह कोशिश रंग लाई। एटा जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र निवासी बच्चे की मां जाहरा (पत्नी अकबर) तक यह सूचना उनके परिचित के जरिए पहुंची। खबर मिलते ही वह परिजनों के साथ कायमगंज कोतवाली पहुंचीं। थाने में मां को देखते ही मासूम दौड़कर उनसे लिपट गया। यह भावुक दृश्य देख वहां मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली। मां ने बताया कि वह कायमगंज स्टेशन के पास एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते भटक गया था। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।