Mainpuri News : डॉक्टर की लापरवाही ने उजाड़ी खुशियाँ, प्रसूता और नवजात की मौत के बाद डॉक्टर व स्टाफ फरार

Feb 09, 2026 - 22:00
0 15
Mainpuri News : डॉक्टर की लापरवाही ने उजाड़ी खुशियाँ, प्रसूता और नवजात की मौत के बाद डॉक्टर व स्टाफ फरार

block-350 block-350

डॉक्टर की लापरवाही ने उजाड़ी खुशियाँ, प्रसूता और नवजात की मौत के बाद डॉक्टर व स्टाफ फरार

मैनपुरी (अजय किशोर )। शहर के बिछिया रोड निवासी एक परिवार के लिए खुशियों का आंगन उस समय मातम में बदल गया, जब प्रसव के दौरान एक पीएसी जवान की पत्नी और उसके नवजात शिशु की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और सच्चाई छिपाने के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एटा में तैनात पीएसी जवान देवेंद्र सिंह ने अपनी पत्नी अंबिका सिंह को रविवार शाम प्रसव के लिए शहर के ज्योतिका आरोग्य धाम निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।

पीड़ित पति का आरोप है कि देर रात अंबिका ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उसकी स्थिति को लेकर उन्हें अंधेरे में रखा। जब काफी देर बाद देवेंद्र ने अपने बच्चे को देखा, तो वह मृत अवस्था में था और अंबिका की हालत भी बेहद चिंताजनक बनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने डॉक्टर पूनम पाठक और अस्पताल स्टाफ से स्थिति स्पष्ट करने को कहा, तो कोई संतोषजनक जवाब देने के बजाय आनन-फानन में प्रसूता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से जब परिजन उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, तो वहां के डॉक्टरों ने अंबिका को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अंबिका की मृत्यु काफी समय पहले ही हो चुकी थी। हैरानी की बात तब सामने आई जब पीड़ित परिवार शव लेकर वापस ज्योतिका आरोग्य धाम पहुंचा। वहां डॉ. पूनम पाठक और उनका पूरा स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने डॉ. पूनम पाठक और संबंधित स्टाफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मां और बच्चे के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय लोग भी अस्पताल की इस कथित लापरवाही के खिलाफ आक्रोशित हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User