मुकदमा वापस लो, नहीं तो लाश उठेगी!"— एसपी से न्याय की गुहार, पीड़ित परिवार दहशत में

Aug 03, 2026 - 20:22
0 0
मुकदमा वापस लो, नहीं तो लाश उठेगी!"— एसपी से न्याय की गुहार, पीड़ित परिवार दहशत में

block-350 block-350

"मुकदमा वापस लो, नहीं तो लाश उठेगी!"— एसपी से न्याय की गुहार, पीड़ित परिवार दहशत में

कायमगंज/फर्रुखाबाद। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोरा में दबंगों की कथित दबंगई से एक परिवार भय और दहशत के साये में जीने को मजबूर है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि पहले उसके और उसके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, फायरिंग तक की गई, लेकिन पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बजाय केवल एनसीआर दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। अब आरोपी खुलेआम घूमते हुए मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता रीना कश्यप, पत्नी धर्मेंद्र कुमार, निवासी ग्राम जोरा, थाना कोतवाली कायमगंज के अनुसार 23 जून 2026 को परिवार में हुए विवाद के दौरान उसका पुत्र कृष्ण कुमार बीच-बचाव करने पहुंचा था।

आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने उसे पकड़कर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। जब वह अपने बेटे को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी घेर लिया और लाठी-डंडों, ईंट तथा सरियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमले के दौरान एक आरोपी ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। हालांकि आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे उसकी जान बच गई। पीड़िता का कहना है कि उसने तत्काल कोतवाली कायमगंज में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल मेडिकल कराकर एनसीआर दर्ज कर ली। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी लगातार परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। शिकायत के अनुसार 31 जुलाई 2026 को जब उसका पुत्र कृष्ण कुमार बाजार जा रहा था, तभी जोरा रोड पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ उसे घेर लिया। आरोप है कि एक आरोपी ने तमंचा निकालकर कहा कि "जो मुकदमा किया है, उसे अपनी मां से कहकर वापस करा लो, नहीं तो तुम लोगों में से किसी एक की जान जाएगी।" इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता का कहना है कि यदि राहगीर समय पर मौके पर नहीं पहुंचते तो उसके पुत्र के साथ कोई बड़ी घटना हो सकती थी। जाते-जाते आरोपी कथित रूप से यह धमकी देकर फरार हो गए कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो अगली बार जान से मार दिया जाएगा। डरे-सहमे परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके परिवार के साथ कोई भी बड़ी अनहोनी हो सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User