विश्व युवा कौशल दिवस पर शिकोहाबाद में भव्य रोजगार मेले का हुआ आयोजन
विश्व युवा कौशल दिवस पर शिकोहाबाद में भव्य रोजगार मेले का आयोजन 354 अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग, 116 हुए शॉर्टलिस्ट, 25 युवाओं को मौके पर मिले ऑफर लेटर

शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर बी.डी.एम. गर्ल्स डिग्री कॉलेज, स्टेशन रोड, शिकोहाबाद में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, राजकीय आई.टी.आई. एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री विजय प्रताप यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, फिरोजाबाद द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्रीमती नेहा वाजपेयी, कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती गीता यादवेन्दु एवं अन्य अधिकारियों ने मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। रोजगार मेले में 10 प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 354 प्रशिक्षणार्थियों एवं अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में भाग लिया।

विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के उपरांत 116 अभ्यर्थियों को कंपनियों द्वारा शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, मुख्य अतिथि श्री विजय प्रताप यादव ने लगभग 25 युवक-युवतियों को मौके पर ही ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि ने सभी नियोक्ता कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उपलब्ध रोजगार अवसरों, कार्य परिस्थितियों, वेतनमान एवं युवाओं के लिए उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण एवं कैरियर विकास के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को स्वरोजगार एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से जिला समन्वयक नेहा वाजपेयी, जिला कौशल प्रबंधक सत्येंद्र श्रीवास्तव, पंकज यादव, जिला प्रोग्राम मैनेजर, बीपीएम हरि बाबू उपस्थित रहे। कॉलेज की ओर से मुकेश कुमार, जिला सेवायोजन कार्यालय से सुमन, राजकीय आई.टी.आई. शिकोहाबाद से अलका, यूपीएसडीएम के केंद्र प्रबंधक सैय्यद सावेज अली, वीरपाल सिंह, शैलेश कुमार, शिवकांत, कुलदीप यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी नियोक्ता कंपनियों, प्रतिभागी युवाओं एवं सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों का क्रम जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)