मलावन की 9.401 हेक्टेयर भूमि को वेटलैंड घोषित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा
मलावन की 9.401 हेक्टेयर भूमि को वेटलैंड घोषित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा
स्वीकृति के बाद होगा वृक्षारोपण, भू-जल संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन का कार्य
एटा । जनपद एटा में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए मलावन स्थित 9.401 हेक्टेयर भूमि को वेटलैंड (आर्द्र भूमि) घोषित किए जाने का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। जिला आर्द्र भूमि समिति द्वारा तैयार पत्रावली शासन स्तर पर अनुमोदन के लिए प्रेषित की गई है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार जिला आर्द्र भूमि समिति ने विस्तृत सर्वेक्षण, सीमांकन, जैव विविधता, स्थानीय परिस्थितियों और तकनीकी मानकों का परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार किया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद वेटलैंड संरक्षण एवं विकास की कार्ययोजना पर अमल शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वेटलैंड घोषित होने के बाद क्षेत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाएगा। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध हो सकेगा। इसके अलावा जैव विविधता के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में भी मदद मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि आर्द्रभूमियां प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण से जल सुरक्षा, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने जनपदवासियों से वेटलैंड संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। जिला आर्द्र भूमि समिति में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह अध्यक्ष, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विपिन वर्मा सचिव तथा मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र सहित कृषि, मत्स्य और सिंचाई विभाग के अधिकारी सदस्य हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)