शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, नगदी व जेवर समेत लाखों की गृहस्थी राख
शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, नगदी व जेवर समेत लाखों की गृहस्थी राख
कायमगंज, फर्रुखाबाद। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बराबिकू के मजरा नगला पीपल में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 50 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित घरेलू उपयोग का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा के जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। गांव निवासी शिवलाल पुत्र हेतराम ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे भीषण गर्मी के कारण वह पत्नी आशा देवी और बच्चों के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। नीचे बने कमरे में ताला लगा था। इसी दौरान रोशनदान से धुआं निकलता दिखाई दिया। नीचे जाकर देखा तो कमरे में भीषण आग लगी हुई थी।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और समर्सिबल चलाकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कमरे में रखा फ्रिज, डबल बेड, मिक्सी, कपड़े, गद्दे, रजाई, कंबल, श्रृंगारदान सहित अधिकांश घरेलू सामान जल चुका था। आग में 50 हजार रुपये की नकदी भी नष्ट हो गई, जिसे शिवलाल ने दस दिन पहले भैंस बेचने के बाद घर में रखा था। शिवलाल ने बताया कि नोएडा में नौकरी करने वाले उनके पुत्र राहुल की पत्नी खुशबू के विवाह में मिले सोने-चांदी के जेवर, जिनमें झाले, तोड़ियां, अंगूठी सहित अन्य आभूषण शामिल थे, आग की भेंट चढ़ गए। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल तनु कटियार ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही, ताकि पीड़ित परिवार को शासन स्तर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)