नवाबगंज मेडिकल एसोसिएशन की नई टीम का गठन, संजीव गुप्ता बने अध्यक्ष
नवाबगंज मेडिकल एसोसिएशन की नई टीम का गठन, संजीव गुप्ता बने अध्यक्ष
नवाबगंज/फर्रुखाबाद। कस्बा नवाबगंज के दवा व्यापारियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मेडिकल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मुख्य बाजार स्थित विमल मेडिकल स्टोर पर किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से नवाबगंज मेडिकल एसोसिएशन इकाई का गठन किया गया, जिसमें वरिष्ठ दवा व्यापारी संजीव गुप्ता को संगठन का नया नगर अध्यक्ष चुना गया। उनके अध्यक्ष चुने जाने पर क्षेत्र के दवा व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। बैठक में मेडिकल एसोसिएशन कायमगंज के नगर अध्यक्ष विनय रस्तोगी, नगर महामंत्री विवेक अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष मनोज सक्सेना मनोज जौहरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में संगठन की चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और आपसी सहमति के साथ संपन्न कराई गई।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में विपिन शाक्य एवं दौलतराम शाक्य को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि रमेश शाक्य को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा नरेंद्र यादव और आलोक को मंत्री तथा धीरज भारद्वाज को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई। बैठक के दौरान दवा व्यापारियों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल व्यवसाय से जुड़े लोगों को लाइसेंस, निरीक्षण, दवा आपूर्ति तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं का समय-समय पर सामना करना पड़ता है। ऐसे में एक मजबूत संगठन ही व्यापारियों की आवाज को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचा सकता है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वह संगठन के सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेंगे तथा दवा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल एसोसिएशन का उद्देश्य केवल व्यापारिक हितों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाना है। बैठक के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ पालन करने तथा मेडिकल एसोसिएशन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दवा व्यापारी एवं मेडिकल स्टोर संचालक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)