सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सुनीं जनसमस्याएं
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सुनीं जनसमस्याएं
112 शिकायतों में 27 का मौके पर कराया निस्तारण, शेष के गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश

शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के क्रम में आज तहसील शिकोहाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी समस्या के समाधान की अपेक्षा से सरकारी कार्यालयों में आता है, इसलिए जनसमस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी तहसील दिवस अथवा किसी भी कार्यालय से निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए।

सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 112 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से जिलाधिकारी ने मौके पर ही 27 शिकायतों का निस्तारण कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए एक सप्ताह के अंदर पूरी गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस की समाप्ति के बाद जमीनी विवाद, अवैध कब्जे एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजी जाएं और शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष समाधान कराया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से राजस्व, विद्युत, पुलिस विभाग, अवैध कब्जे, जलभराव, राशन, ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, जमीनी विवाद, अतिक्रमण, आवास एवं शौचालय आदि से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को त्वरित न्याय एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम बदन राम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद डॉ. गजेंद्र पाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)