नोएडा में फर्रुखाबाद के ट्रांसपोर्ट कारोबारी की दिनदहाड़े गोलियों से हत्या, पड़ोसियों पर आरोप — क्या पुलिस हत्यारों को बचा रही है?

Jun 20, 2026 - 08:27
0 0
नोएडा में फर्रुखाबाद के ट्रांसपोर्ट कारोबारी की दिनदहाड़े गोलियों से हत्या, पड़ोसियों पर आरोप — क्या पुलिस हत्यारों को बचा रही है?

block-350 block-350

नोएडा में फर्रुखाबाद के ट्रांसपोर्ट कारोबारी की दिनदहाड़े गोलियों से हत्या, पड़ोसियों पर आरोप — क्या पुलिस हत्यारों को बचा रही है?

घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे जीवन किशोर यादव, कार सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, मौके पर ही मौत

ग्रेटर नोएडा/फर्रुखाबाद/ ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र स्थित अच्छेजा छपरौला की रॉयल सिटी कॉलोनी में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब फर्रुखाबाद के कायमगंज निवासी और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े जीवन किशोर यादव (50 वर्ष) पुत्र रामदास यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से टीपी चौराहा बाईपास, कायमगंज (फर्रुखाबाद) निवासी जीवन किशोर यादव पिछले कुछ समय से ग्रेटर नोएडा के छपरौला क्षेत्र की रॉयल सिटी कॉलोनी में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे जीवन किशोर यादव अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे।

इसी दौरान कार से पहुंचे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने लगभग तीन से चार राउंड गोलियां चलाईं। गोलियां लगते ही जीवन किशोर यादव लहूलुहान होकर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही थाना बादलपुर पुलिस भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की का नाम प्रकाश में आया है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक प्रार्थना पत्र में भी मृतक के परिजनों ने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आरोप है कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और घटना से पहले भी कहासुनी की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की साजिश का खुलासा हो सकता है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक अपने पीछे पत्नी आशा देवी, बेटियां अंजली और कंचन तथा पुत्र सोनू/सनोज को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस वारदात से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जब शुरुआती जांच में नाम सामने आ चुके हैं, तो आखिर आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर क्यों हैं? क्या दिनदहाड़े हुई इस हत्या के आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाएगी, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा? फर्रुखाबाद और ग्रेटर नोएडा के लोगों की निगाहें अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User