एटा में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का भव्य आयोजन, किसानों को दी गई उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी
एटा में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का भव्य आयोजन, किसानों को दी गई उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी
एटा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद एटा में जिलाधिकारी के निर्देशन में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी द्वारा की गई। मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री श्री कैलाश सिंह राजपूत ने कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने संतुलित उर्वरकों के उपयोग पर जोर देते हुए किसानों को कृषि में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में कृषि विज्ञान केंद्र अवागढ़ के वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों एवं लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट स्टॉल लगाने वाले किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं प्रगतिशील किसानों को निशुल्क बीज मिनीकिट भी वितरित किए गए। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा की गई, साथ ही किसानों ने मक्का खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाने एवं खरीद लक्ष्य में वृद्धि की मांग रखी। कार्यशाला में कृषि सखियों ने भी सक्रिय भागीदारी की और अपने स्टॉल लगाए। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती को अपनाने पर जोर दिया तथा “खेत बचाओ” विषय पर नाट्य प्रस्तुति भी दी गई। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा स्वागत गीत एवं लोकगीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विधायक मरहरा श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, ब्लॉक प्रमुख श्री पुष्पेंद्र लोधी, जिला अध्यक्ष श्री प्रमोद गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित कई अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों जैसे पशुपालन, बाल विकास, उद्यान, लघु सिंचाई, इफको तथा एफपीओ प्रतिनिधियों ने भी अपनी योजनाओं एवं तकनीकों की जानकारी साझा की।
उप कृषि निदेशक श्री सुमित पटेल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्राकृतिक खेती एवं विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। अंत में जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के समापन पर बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों को लंच पैकेट वितरित किए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)