छेड़छाड़ और धमकी से आहत युवती ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

Jun 12, 2026 - 20:46
0 0
छेड़छाड़ और धमकी से आहत युवती ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

block-350 block-350

छेड़छाड़ और धमकी से आहत युवती ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

पुलिस भर्ती परीक्षा देने वाली थी युवती, पिता की तहरीर पर दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ और धमकी से आहत होकर एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने पड़ोस के युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं शिकायत करने गए परिजनों को भी आरोपी पक्ष द्वारा धमकाए जाने की बात कही गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक व्यक्ति की 20 वर्षीय पुत्री घर पर अपने 12 वर्षीय छोटे भाई के साथ मौजूद थी। परिवार के अन्य सदस्य किसी कार्यवश बाहर गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर में घुस आया और पहले किशोर भाई को रसोई में बंद कर दिया।

इसके बाद उसने युवती के साथ छेड़छाड़ की। परिजनों का आरोप है कि युवती ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। घटना से युवती बुरी तरह सहम गई और मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। इसी बीच रसोई में बंद भाई के शोर मचाने पर उसकी ताई मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि ताई ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो आरोपी धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर युवती के पिता और अन्य परिजन आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां आरोपी के बड़े भाई ने भी उन्हें धमकाया और मामला उठाने पर जान से मारने की चेतावनी दी। इस घटना के बाद युवती गहरे सदमे में चली गई। परिजनों के मुताबिक युवती अगले दिन होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रही थी, लेकिन घटना के बाद वह लगातार तनाव में थी। आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि कानपुर ले जाते समय कन्नौज के निकट रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया। मृतका के पिता ने मोहम्मदाबाद थाने में तहरीर देकर पड़ोस के युवक और उसके बड़े भाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशीला पदार्थ खाने से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने बताया कि दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। युवती की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User