फर्रुखाबाद में भाईचारे और अमन के साथ मनाई गई बकरीद

May 28, 2026 - 21:30
0 0
फर्रुखाबाद में भाईचारे और अमन के साथ मनाई गई बकरीद

फर्रुखाबाद में भाईचारे और अमन के साथ मनाई गई बकरीद

कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई नमाज, ड्रोन कैमरों से रखी गई निगरानी

फर्रुखाबाद। जनपद में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ सफों में खड़े होकर नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा तरक्की की दुआ मांगी। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बीबीगंज स्थित नई ईदगाह में मुफ्ती हाजी सैय्यद मोअज्जम अली ने नमाज अदा कराई। खुतबे के दौरान उन्होंने हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी का जिक्र करते हुए कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण और इंसानियत की सेवा का संदेश देती है। उन्होंने लोगों से समाज में भाईचारा कायम रखने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।

वहीं पुरानी ईदगाह में मौलाना शमशाद चतुर्वेदी, मस्जिद जान अली खान में शहर काजी सैय्यद मुताहिर अली, दरगाह हजरत अब्बास रकाबगंज में मौलाना सदाकत हुसैन सैंथली तथा सुनहरी मस्जिद में मौलाना अब्बास ने नमाज संपन्न कराई। उलेमाओं ने अपने संबोधन में लोगों को रसूल-ए-पाक की सुन्नतों पर चलने और कुर्बानी के असली मकसद को समझने की सीख दी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की गई और पारंपरिक पकवानों की खुशबू से पूरा माहौल महक उठा। ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर मेले जैसा नजारा दिखाई दिया, जहां बच्चों ने खिलौने, गुब्बारे और मिठाइयों का आनंद लिया। सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह स्वयं सुबह से विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा करते रहे। उनके साथ सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार, सीओ सिटी अभय वर्मा समेत अन्य अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे। पूरे जिले को सुरक्षा की दृष्टि से 4 जोन और 15 सेक्टरों में बांटा गया था। प्रमुख ईदगाहों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के आपसी सहयोग से पूरा त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User