किरन पब्लिक स्कूल में मातृ शक्ति का सम्मान, मेधावी छात्रों की माताओं व शिक्षिकाओं को किया गया पुरस्कृत
किरन पब्लिक स्कूल में मातृ शक्ति का सम्मान, मेधावी छात्रों की माताओं व शिक्षिकाओं को किया गया पुरस्कृत
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कम्पिल मार्ग स्थित पट्टिया लाइन के किरन पब्लिक स्कूल में रविवार को मातृ दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृ शक्ति के सम्मान के साथ मेधावी छात्रों की माताओं और विद्यालय की शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार, मैनेजर कल्पना गंगवार और प्रधानाचार्या राधिका नायर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें नृत्य, गीत और कविताओं ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब रहा जब मुख्य कार्यालय सहायिका फराह खान और शिक्षक शाहरुख अली खान ने मातृ दिवस पर आधारित भावपूर्ण शायरियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
विद्यालय प्रशासन ने बीते शैक्षिक सत्र में अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की माताओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। वहीं माताओं के लिए आयोजित रैंप वॉक, गायन और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की विजेताओं को भी मैनेजर कल्पना गंगवार द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की उन शिक्षिकाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो परिवार और अपने कार्यक्षेत्र दोनों जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभा रही हैं। विद्यालय प्रबंधक डॉ. वीरेंद्र गंगवार ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए महत्वपूर्ण संदेश दिया। प्रधानाचार्या राधिका नायर ने कहा कि महिलाओं को हर परिस्थिति में मानसिक रूप से मजबूत रहना चाहिए। वहीं उप-प्रधानाचार्या अंजू बाथम ने कहा कि एक सशक्त महिला ही मजबूत समाज की नींव रखती है, इसलिए महिलाओं को अपनी क्षमता पर हमेशा विश्वास बनाए रखना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन शैक्षिक गतिविधि प्रभारी विक्रांत सिंह, कला एवं सृजनात्मक प्रभारी शिवानी राठौर और आरजू गंगवार, मीडिया प्रभारी हीरा अंसारी तथा क्रिएटिव डायरेक्टर आकांक्षा सैनी ने किया।
मंच संचालन शिक्षिका प्रगति सक्सेना और छात्रा अंजिता ने किया। इस दौरान विद्यालय के को-ऑर्डिनेटर जयन राजन सहित पूनम, पूजा पाल, मंजू, आशिका, अल्पना, नीरज अग्निहोत्री, निखिल शाक्य, अजमत अली, अतुल प्रताप सिंह, हरिद्वार द्विवेदी, रविकुमार, उमाकांत वर्मा समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अंत में सभी माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन किया गया।