Farrukhabad News : कायमगंज तहसील में भ्रष्टाचार के आरोप, तहसीलदार को हटाने की मांग तेज

Mar 22, 2026 - 20:32
0 31
Farrukhabad News : कायमगंज तहसील में भ्रष्टाचार के आरोप, तहसीलदार को हटाने की मांग तेज

कायमगंज तहसील में भ्रष्टाचार के आरोप, तहसीलदार को हटाने की मांग तेज

फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज तहसील में तैनात तहसीलदार विक्रम सिंह बघेल पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों को लेकर उन्हें तत्काल पद से हटाने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठी है। यह मांग भाजपा मंडल अध्यक्ष अचरा द्वारा कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को भेजे गए प्रार्थना पत्र में की गई है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि तहसीलदार ने दलालों और अपराधियों के साथ मिलकर एक संगठित नेटवर्क बना रखा है, जिसके माध्यम से आम जनता का शोषण किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं और बाद में समझौते के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है। साथ ही, कुछ मामलों को जानबूझकर सरकारी पोर्टल पर दर्ज नहीं किया जाता, जिससे उच्च अधिकारियों को जानकारी न मिल सके। आरोपों में यह भी कहा गया है कि तहसील में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सक्रिय भूमिका है, जो इस कथित नेटवर्क का हिस्सा बनकर अवैध वसूली करते हैं।

 बार एसोसिएशन द्वारा कई बार हड़ताल और शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने की बात भी सामने आई है। प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए, अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए और उनके पूरे कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, जांच पूरी होने तक उन्हें किसी भी तहसील का प्रभार न देने की भी सिफारिश की गई है। वहीं, तहसीलदार विक्रम सिंह बघेल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाले कुनेन्द्र गंगवार के खिलाफ उनके न्यायालय में चारागाह भूमि पर अवैध कब्जे का मामला चल रहा था। उनके अनुसार, दबाव बनाने की कोशिश नाकाम रहने पर यह आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल न्यायहित में ही कार्य करेंगे और सभी आरोप निराधार हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User