रोडबेज बसों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल — एक की हालत गंभीर

Mar 01, 2026 - 21:15
0 3
रोडबेज बसों की आमने-सामने  भिड़ंत, तीन घायल — एक की हालत गंभीर

रोडबेज बसों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल — एक की हालत गंभीर

फर्रुखाबाद/कायमगंज। शहर के बाईपास स्थित बिरियान मोड़ के पास रविवार सुबह दो रोडवेज बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एटा डिपो की बस (नंबर UP 78 KT 5612) फर्रुखाबाद से एटा की ओर जा रही थी। वहीं फर्रुखाबाद डिपो की बस (नंबर UP 78 JT 6987) दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रही थी। बिरियान मोड़ के पास दोनों बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि बसों में सवारियों की संख्या कम थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में घायल होने वालों में पवन मिश्रा (36) निवासी निमोन नगला, अल्लाहगंज जनपद शाहजहांपुर, उमाशंकर (29) और उनके भाई हरिओम (32) निवासी खैराबाद, मऊ दरवाजा, फर्रुखाबाद शामिल हैं। बताया गया है कि पवन मिश्रा फर्रुखाबाद डिपो के चालक हैं। उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया।

कायमगंज मुख्य चौराहे पर टेम्पो-बाइक की टक्कर, टेम्पो पलटा — 8 घायल

कायमगंज। नगर के मुख्य चौराहे पर रविवार को टेम्पो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बड़ा हादसा हो गया। टक्कर के बाद टेम्पो पलट गया, जिससे आठ लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव अहलामई निवासी कुलदीप (25), उनकी पत्नी रीता (22), सुमेश पाण्डेय (45), उनकी पत्नी बबली (40), पुत्रियां देवकी (16) और राजुल (18) तथा टेम्पो चालक दुर्गेश (35) जनपद बदायूं के थाना उसैत स्थित कालसेन मंदिर घूमने गए थे। वापसी के दौरान कायमगंज मुख्य चौराहे पर सामने से आ रही बाइक (चालक विकास निवासी मेंहमदीयापुर) से टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही टेम्पो पलट गया और बाइक सवार भी गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर टेम्पो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था और वाहन चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User