एफ एस विश्वविद्यालय में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी के दूसरे दिन उमड़ा विद्यार्थियों का सैलाब।

Oct 04, 2026 - 19:42
0 21
एफ एस विश्वविद्यालय में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी के दूसरे दिन उमड़ा विद्यार्थियों का सैलाब।

block-350 block-350

एफ एस विश्वविद्यालय में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी के दूसरे दिन उमड़ा विद्यार्थियों का सैलाब।

शिकोहाबाद।एफ एस विश्वविद्यालय, शिकोहाबाद में आयोजित तीन दिवसीय विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी के दूसरे दिन रविवार को भी विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष के प्रति विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ के साथ पहुंचे। विश्वविद्यालय परिसर सुबह से ही विद्यार्थियों की चहल-पहल और वैज्ञानिक गतिविधियों से गुलजार रहा।

दूसरे दिन प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे मुख्य अतिथि श्री राजेश शुक्ला, उपजिलाधिकारी, शिकोहाबाद ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया तथा विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं अंतरिक्ष संबंधी प्रस्तुतियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर विज्ञान एवं अनुसंधान की वास्तविक दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की जिज्ञासा और उत्साह को उन्होंने सराहनीय बताया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष यान, उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों, संचार तकनीक तथा भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों से संबंधित विभिन्न मॉडलों और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों को करीब से देखा। कई विद्यार्थियों ने इसरो के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से सीधे संवाद करते हुए अंतरिक्ष में उपग्रहों की भूमिका, अंतरिक्ष अभियानों की तैयारी, ग्रहों के अध्ययन और भारत के भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों से जुड़े सवाल पूछे। वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं रोचक तरीके से समाधान किया।

प्रदर्शनी का सबसे आकर्षक पक्ष यह रहा कि विद्यार्थी केवल मॉडलों को देखने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रत्येक मॉडल के पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांत को समझने के लिए लगातार प्रश्न करते नजर आए। वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही जानकारी को विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सुना। अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी को अपने लिए ज्ञान, अनुभव और प्रेरणा का अनूठा अवसर बताया। प्रदर्शनी में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, अहमदाबाद के वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ श्री राहुल देव, श्री राहुल जैन एवं श्री अंकित गुप्ता, विज्ञान संचारक श्री राहुल भदाने, श्री जगदेव ठाकोर, सुश्री दिशा दवे एवं सुश्री स्नेहा मिश्रा, प्रदर्शनी देखरेखकर्ता श्री भावेश सोलंकी एवं श्री किरण परमार तथा वाहन चालक श्री बसीरमोहमद मंसूरी एवं श्री भरतसिंह पवार उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल भाषा में समझाते हुए विज्ञान के प्रति उनकी रुचि को और बढ़ाया।

एफ एस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो उन्हें भविष्य में विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। प्रतिकुलाधिपति डॉ. योगेश यादव, ट्रस्टी डॉ. राहुल यादव, ट्रस्टी डॉ. नितिन यादव, कुलपति डॉ. संजीव भारद्वाज एवं महानिदेशक डॉ. अभिनव श्रीवास्तव ने भी प्रदर्शनी के दूसरे दिन विद्यार्थियों की बढ़ती सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान और नई संभावनाओं के प्रति विश्वास को मजबूत करते हैं। तीन दिवसीय विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी के दूसरे दिन विश्वविद्यालय परिसर में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की बड़ी उपस्थिति रही। प्रदर्शनी में विज्ञान और अंतरिक्ष को लेकर दिखाई दे रही विद्यार्थियों की जिज्ञासा ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। प्रदर्शनी का समापन 05 अक्टूबर को होगा, जबकि अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sheelendra Singh

Sheelendra Singh ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद हैं, जो स्थानीय समाचारों, घटनाओं पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय और सटीक जानकारी पहुंचाना है।

Comments (0)

User