सांसद अक्षय यादव की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

Sep 10, 2026 - 18:49
0 38
सांसद अक्षय यादव की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

block-350 block-350

सांसद अक्षय यादव की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष अक्षय यादव की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 2,75,306 किसानों को 23 किस्तों में 756.66 करोड़ रुपये डीबीटी से दिए जा चुके हैं। वर्ष 2026-27 में 3,700 के सापेक्ष 3,265 मृदा नमूनों का विश्लेषण तथा 2,985 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ अंतिम किसान तक पहुंचाने तथा विभागीय कार्यक्रमों में उन्हें आमंत्रित करने पर जोर दिया। उद्यान विभाग को हाथवंत जैसे डार्क जोन क्षेत्रों में ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ के तहत ड्रिप व स्प्रिंकलर सिंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

 

राजस्व विभाग ने बताया कि 750 गांवों में चूना मार्किंग व ड्रोन सर्वे पूरा तथा 1,10,219 घरौनियों का वितरण हो चुका है। भू-अभिलेख कंप्यूटरीकरण भी शत-प्रतिशत पूर्ण है। किसानों की सुविधा के लिए पंचायत भवनों में पंचायत सचिव एवं लेखपाल की संयुक्त उपस्थिति सुनिश्चित करने की जानकारी जिलाधिकारी ने दी।

लघु सिंचाई विभाग को अधिक चैकडैम बनाने तथा तालाबों के सौंदर्यीकरण के साथ बाउंड्रीवॉल कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों की कमी वाले पीएचसी/सीएचसी पर तत्काल तैनाती तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया गया।

 

जल जीवन मिशन के तहत पुरानी पेयजल टंकियों के पुनर्निर्माण व पाइपलाइन से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। विधायक जसराना सचिन यादव ने गैर-कार्यशील टंकियों को शीघ्र चालू कराने की मांग रखी। बेसिक शिक्षा विभाग में लंबित विद्यालय विलय की प्रक्रिया पूर्ण कराने तथा परिवहन विभाग में बसों को चौराहों के बजाय निर्धारित बस स्टैंड पर खड़ा कराने के निर्देश दिए गए।

 विद्युत विभाग को जर्जर तार ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा जसराना-सिरसागंज में लंबित पोल व तार लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। क्रीड़ा विभाग को अलहदादपुर मिनी स्टेडियम में खेल गतिविधियां शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

 सांसद अक्षय यादव ने नारखी में सांसद निधि से अंबेडकर पार्क का निर्माण शीघ्र कराने, खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए निरंतर छापेमारी तथा बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों से बचाव हेतु दवाओं का नियमित छिड़काव कराने पर जोर दिया।

 जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके रचनात्मक सुझावों का स्वागत किया और निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

 बैठक में विधायक शिकोहाबाद डॉ. मुकेश वर्मा, विधायक सिरसागंज सर्वेश यादव, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, सुरेश यादव, निगरानी समिति सदस्य दिलीप यादव, विजय आर्या, चेयरमैन प्रतिनिधि शिकोहाबाद राजीव गुप्ता, सीडीओ शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त प्रशांत नगर, एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, एडीएम नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Sheelendra Singh

Sheelendra Singh ब्यूरो चीफ फिरोजाबाद हैं, जो स्थानीय समाचारों, घटनाओं पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय और सटीक जानकारी पहुंचाना है।

Comments (0)

User